Udayprabhat
uttrakhand

सीएम धामी के अल्मोड़ा दौरे पर युवा कांग्रेस का विरोध, काले झंडे दिखाकर लगाए सरकार विरोधी नारे

अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अल्मोड़ा दौरे के दौरान दन्या बाजार में राजनीतिक माहौल उस समय गर्मा गया, जब युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले के सामने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे लहराते हुए मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्यमंत्री का काफिला जैसे ही दन्या बाजार पहुंचा, युवा कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और विरोध जताने लगे। अचानक हुए प्रदर्शन से कुछ समय के लिए क्षेत्र में हलचल बढ़ गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर स्थानीय थाने भेजा गया।

विरोध प्रदर्शन के चलते बाजार क्षेत्र में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस ने जल्द ही हालात को नियंत्रण में कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

युवा कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उनका विरोध राज्य सरकार से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर था। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी पर कार्रवाई नहीं होने, पेपर लीक मामलों, बढ़ती बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चंपावत के बनबसा में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इसके बाद उन्होंने अल्मोड़ा जिले के दन्या क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यक्रमों और जनसभाओं में भाग लिया।

Leave a Comment