हरिद्वार: उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में सोमवार देर रात एक ई-रिक्शा शोरूम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना मुखिया गली स्थित श्रीराम मंदिर के सामने हुई, जहां बंद दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और शोरूम में खड़े कई ई-रिक्शा इसकी चपेट में आकर जल गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग इतनी तेज थी कि लोगों की कोशिशें नाकाम रहीं। सूचना मिलने पर दुकान मालिक भी मौके पर पहुंच गया और अपनी आंखों के सामने कारोबार को जलता देख भावुक हो उठा।
घटना की जानकारी मिलते ही खड़खड़ी चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। शटर खोलकर अंदर देखा गया तो अधिकांश सामान और कई ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लेकर टीम मौके पर पहुंची थी और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया है. हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, नुकसान का आकलन किया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है, मामले की गहनता जांच की जा रही है.
-वंश बहादुर यादव, सीएफओ-
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि शोरूम में ई-रिक्शा चार्जिंग की व्यवस्था भी थी, जिससे आग तेजी से फैल गई।
गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, अन्यथा घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता था। हरकी पैड़ी के नजदीक स्थित इस इलाके में कई आश्रम और धर्मशालाएं हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्री ठहरते हैं।
हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन शोरूम मालिक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
