Udayprabhat
accidentBreaking Newsuttrakhand

ड्यूटी के बाद घर लौट रहे चौकी प्रभारी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, पुलिस विभाग में शोक

ऋषिकेश: टिहरी गढ़वाल जनपद के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा का निधन हो गया। इस दुखद घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि उनके परिवार और शुभचिंतकों में गहरा दुख व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद शर्मा सोमवार रात अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थे। मंगलवार सुबह ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने निजी वाहन से शिवपुरी चौकी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण चालक को आई झपकी माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। संयुक्त टीम ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया और गंभीर रूप से घायल विनोद शर्मा को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विनोद शर्मा अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सौम्य व्यवहार के लिए पुलिस विभाग में विशेष पहचान रखते थे। उनके असामयिक निधन से विभाग को गहरा आघात पहुंचा है। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों सहित पुलिसकर्मियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

चौकी प्रभारी विनोद शर्मा नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने निजी वाहन से शिवपुरी लौट रहे थे. रास्ते में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है.
योगेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक, मुनि की रेती थाना-

 

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक का माहौल है और लोग दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

Leave a Comment