Udayprabhat
uttrakhand

साहित्य प्रेस परिषद ने नवचयनित पीसीएस अधिकारियों का किया सम्मान

उत्तरकाशी: साहित्य प्रेस परिषद के तत्वावधान में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा में चयनित अधिकारियों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य उपस्थित रहे, जबकि पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय एवं मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह में अतिथियों ने नवचयनित अधिकारियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने चयनित अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा कि सिविल सेवा केवल एक पद नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा कि इन युवा अधिकारियों ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल सफलता प्राप्त की है, बल्कि जिले का नाम भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी चयनित अधिकारी राज्य के विकास एवं सुशासन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने नवचयनित अधिकारियों से परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, तनाव से निपटने और सफलता की रणनीति से जुड़े प्रश्न पूछे। अधिकारियों ने अपने संघर्ष और अनुभव साझा करते हुए युवाओं को निरंतर मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर अपनी कमियों को दूर करना ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।

अंत में साहित्य प्रेस परिषद के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी, विशिष्ट अतिथियों, नवचयनित अधिकारियों एवं उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। समारोह प्रेरणा, मार्गदर्शन और सम्मान का संगम बनकर युवाओं के लिए एक यादगार अवसर साबित हुआ।

Leave a Comment