उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के बड़कोट क्षेत्र की यमुना घाटी में आस्था और परंपरा का प्रतीक डांडा देवराना मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यह मेला 1 जुलाई को आयोजित होगा, जिसमें 65 गांवों के आराध्य देव रुद्रेश्वर महादेव भक्तों को दर्शन देंगे।
जानकारी के अनुसार, 30 जून को भगवान रुद्रेश्वर महादेव मंदिर के गर्भगृह से बाहर निकलेंगे और 1 जुलाई को उनकी डोली तिंयाँ गांव से पारंपरिक वाद्य यंत्रों और जयघोष के साथ डांडा देवराना मेले के लिए रवाना होगी।
यह एक दिवसीय राजकीय मेला है, जिसमें दूर-दराज के गांवों से हजारों श्रद्धालु पहुंचकर अपने आराध्य देव के दर्शन करते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। शाम करीब 4 बजे भगवान भक्तों को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
मेले के दौरान लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिलता है। स्थानीय पुजारी मोहित थपलियाल के अनुसार, यह परंपरा बहुत पुरानी है और आज भी लोगों की आस्था का मुख्य केंद्र बनी हुई है।
