हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में आग लगने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। हीरानगर स्थित एक निजी स्कूल में भीषण आग लगने की घटना के कुछ घंटों बाद अब शहर के व्यस्त मीरा मार्ग क्षेत्र में स्थित एक जूते की दुकान में आग लगने से हड़कंप मच गया।
मंगलवार को बंद पड़ी “माशा शूज” नामक दुकान के भीतर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू कर दिया।
दुकान में बड़ी मात्रा में जूते, चप्पल, पैकिंग सामग्री और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया और उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया।
जानकारी के अनुसार, यह दुकान सुमेर सिद्दीकी की है, जो समाजवादी पार्टी के नेता अब्दुल मतीन सिद्दीकी के पुत्र हैं। आग की घटना में दुकान के भीतर रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना के समय दुकान बंद थी, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और फायर विभाग की टीम ने क्षेत्र को सुरक्षित रखते हुए राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।
नुकसान का हो रहा आकलन: सीओ अमित कुमार ने बताया कि-
कल देर रात मीरा मार्ग स्थित एक जूतों की शॉप पर अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई थी. सूचना के बाद पुलिस प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है. नुकसान और आग लगने के कारणों का फायर विभाग की टीम आकलन कर रही है.
-अमित कुमार, सीओ-
