Udayprabhat
uttrakhand

हरिद्वार में दर्दनाक हादसा, खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई स्कूटी, दादा-दादी और 5 वर्षीय पोते की मौत

हरिद्वार: हरिद्वार के श्यामपुर थाना में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी टकराने के कारण दादा-दादी और उनके पांच वर्षीय पोते की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार, 52 वर्षीय वीर सिंह अपनी पत्नी मंजू देवी (50) और पांच वर्षीय पोते शिवा के साथ हरिद्वार से अपने गांव गाजीवाली लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी श्यामपुर फ्लाईओवर पर पहुंची, अंधेरे में सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी और स्कूटी सीधे उसके पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ने इससे पहले भी एक अन्य स्कूटी को टक्कर मारी थी। घटना के बाद चालक वाहन को फ्लाईओवर पर छोड़कर फरार हो गया। इसी दौरान वीर सिंह का परिवार हादसे का शिकार बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ गई थी। घटना के बाद हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि वीर सिंह और उनकी पत्नी हरकी पैड़ी क्षेत्र में दुकान चलाते थे। मंगलवार रात दुकान बंद कर वे अपने पोते के साथ घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस का बयान: सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि-

हादसे की सूचना मिलते ही वो खुद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं. घायलों को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. गहनता से मामले की जांच की जा रही है.
-अवनि तिवारी, सीओ-

Leave a Comment