Udayprabhat
uttrakhand

रूड़की में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

रूड़की: कोतवाली गंगनहर पुलिस ने चोरी के एक मामले का मात्र 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लोहे का गेट, तूफानी पंखा, हथौड़ा समेत अन्य सामान बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, 22 जून को पाडली गुर्जर निवासी सदाकत पुत्र लियाकत ने कोतवाली गंगनहर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके गोदाम से लोहे का गेट, हथौड़ा, लकड़ी की चाली, तसले, सरिये के टुकड़े, पाइप और बिजली का पंखा चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 24 जून को तेल्लीवाला-पनियाला रोड के पास से वसीम पुत्र इरफान और जावेद पुत्र इबने हसन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लोहे के तसले, एक लोहे का हथौड़ा, लकड़ी का बेंटा, एक तूफानी पंखा, एक लोहे का गेट, 5 लकड़ी की चाली, एक साइकिल का रेड़ा तथा एक नीला प्लास्टिक ड्रम बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में वसीम (27 वर्ष) निवासी बागोंवाली, मुजफ्फरनगर (हाल निवासी तेलीवाला, गंगनहर) और जावेद निवासी तेलीवाला छप्पर वाली मस्जिद क्षेत्र, थाना गंगनहर शामिल हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Comment