Udayprabhat
uttrakhand

पीएम स्वनिधि योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को ऋण उपलब्ध कराएं : एडीएम

हरिद्वार में समीक्षा बैठक, अधिकारियों को कैंप लगाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश

हरिद्वार: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता ने की। यह बैठक जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संपन्न हुई।

बैठक में नगर निगम, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों द्वारा योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष ऋण वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाएं।

उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर दिया। साथ ही लीड बैंक अधिकारी को निर्देश दिए कि बैंकों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर अनावश्यक आपत्तियां न लगाई जाएं और पात्र आवेदकों के ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल एवं तेज बनाया जाए।

बैठक के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि एसबीआई का पोर्टल तकनीकी कारणों से संचालित नहीं होने के चलते कई आवेदन लंबित पड़े हुए हैं। इस पर अपर जिलाधिकारी ने लीड बैंक अधिकारी को निर्देश दिए कि वे बैंक स्तर पर तत्काल पत्राचार कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण हो सके।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण योजना है, इसलिए सभी संबंधित विभाग और बैंक समन्वय के साथ कार्य कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को इसका लाभ पहुंचाएं।

Leave a Comment