Udayprabhat
uttrakhand

हरिद्वार मोतीचूर मिट्टी प्रकरण में बड़ा एक्शन, खनन अधिकारी कासिम रजा हटे, अमित गौरव को मिला कार्यभार

हरिद्वार: हरिद्वार के मोतीचूर क्षेत्र में नाले की खुदाई से निकली मिट्टी के कथित अवैध निस्तारण मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इस प्रकरण में जिला खनन अधिकारी कासिम रजा को उनके पद से हटाकर खनन निदेशालय से संबद्ध कर दिया गया है। उनकी जगह अमित गौरव को हरिद्वार के जिला खनन अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

जानकारी के अनुसार, मोतीचूर क्षेत्र में चल रहे नाले की सफाई और खुदाई कार्य के दौरान निकली मिट्टी को नियमों के विरुद्ध ठिकाने लगाने के आरोप लगे थे। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए थे। इस दौरान जिला खनन अधिकारी और शिकायतकर्ताओं के बीच तीखी बहस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिससे मामला और गरमा गया।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मामले की जांच अभी पूरी नहीं हुई है और जहां मिट्टी डाली गई थी, वहां अब जमीन को समतल कर दिया गया है, इसलिए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

विवाद बढ़ने के बाद शासन ने प्रशासनिक निर्णय लेते हुए कासिम रजा को पद से हटाने का आदेश जारी किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुष्टि की कि आदेश के तहत उन्हें निदेशालय से संबद्ध किया गया है, जबकि अमित गौरव ने हरिद्वार के जिला खनन अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया है।

Leave a Comment