Udayprabhat
uttrakhand

NEET की तैयारी कर रही एमपी की छात्रा की संदिग्ध मौत, पीजी के कमरे में मिला शव

डॉक्टर बनने का सपना अधूरा, हल्द्वानी में मेडिकल अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत, पुलिस खंगाल रही हर एंगल

हल्द्वानी: मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए मध्य प्रदेश से हल्द्वानी पहुंची 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव उसके पीजी के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, शिवपुरी निवासी छात्रा बीते महीने हल्द्वानी आई थी। उसने मुखानी क्षेत्र के एक निजी कोचिंग संस्थान में नीट की तैयारी के लिए दाखिला लिया था और संस्थान से जुड़े पीजी में रह रही थी। नियमित कक्षाएं अभी शुरू नहीं हुई थीं और वह डेमो क्लास में शामिल हो रही थी।

मंगलवार रात एक युवक ने छात्रा की सहेली को फोन कर बताया कि वह काफी देर से छात्रा से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसका फोन रिसीव नहीं हो रहा है। इसके बाद सहेली ने अन्य परिचितों और पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस पीजी पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खुलवाने पर छात्रा का शव फंदे से लटका हुआ मिला।

छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, हालांकि कमरे से बरामद डायरी में लिखी एक रहस्यमयी पंक्ति जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है।

 

छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और गूगल सर्च हिस्ट्री की जांच की जा रही है. साथ ही उस युवक की पहचान और तलाश भी की जा रही है, जिसने घटना से पहले छात्रा की सहेली को फोन किया था.
-मनोज कत्याल,एसपी सिटी

 

प्रारंभिक जांच में पुलिस व्यक्तिगत संबंधों, मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए पड़ताल कर रही है। छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मां और भाई के हल्द्वानी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

Leave a Comment