Udayprabhat
uttrakhand

चारधाम यात्रा में मीडिया की भूमिका पर मंथन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

उत्तरकाशी: जिला पत्रकार संघ (ट्रस्ट) के तत्वावधान में बड़कोट में आयोजित दो दिवसीय अधिवेशन एवं सम्मान समारोह में पत्रकार हितों, सुशासन और सामाजिक योगदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय तथा उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अधिवेशन में “चारधाम यात्रा में मीडिया की भूमिका” विषय पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने जिम्मेदार, निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।

समारोह में समाज और प्रशासन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। रवांई क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजनों को नई पहचान दिलाने वाली जमुना रावत को गढ़ भोज गौरव सम्मान-2026, जबकि चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय को उत्कृष्ट सुशासन गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। जिला सूचना अधिकारी कर्मवीर शर्मा को उत्कृष्ट सेवा गौरव सम्मान-2026 प्रदान किया गया। वहीं वरिष्ठ पत्रकारों को देवऋषि नारद गौरव सेवा सम्मान-2026 से सम्मानित कर संगठन ने नई परंपरा की शुरुआत की।

जिला पत्रकार संघ (ट्रस्ट) के अध्यक्ष सुनील थपलियाल ने पत्रकारों के लिए 50 लाख रुपये का बीमा, पत्रकार संघ भवन के निर्माण तथा तहसील एवं ब्लॉक स्तर के पत्रकारों को सरकारी मान्यता दिए जाने की मांग उठाई। वक्ताओं ने पत्रकारों से जनहित में निष्पक्ष, जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता करने का आह्वान किया।

Leave a Comment