Udayprabhat
uttrakhand

सड़क हादसे में गंभीर घायल महिला को हेली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश किया गया रेफर

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के पास गुरुवार को सड़क हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर जिला प्रशासन की मदद से हेली एंबुलेंस के जरिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।

सब इंस्पेक्टर तस्लीम आरिफ ने बताया कि गुरुवार दोपहर सीता देवी (55 वर्ष), पत्नी सुनील कुमार, निवासी ग्राम जेष्टवाड़ी, चिन्यालीसौड़, पीपलमंडी की ओर जा रही थीं। इस दौरान उन्होंने सड़क के दूसरी ओर से एक टैक्सी को हाथ देकर रोका। टैक्सी रुकने के बाद जैसे ही वह सड़क पार कर उसमें बैठने के लिए बढ़ीं, पीछे से आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चिन्यालीसौड़ में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बताते हुए हायर सेंटर रेफर करने और हेली एंबुलेंस की सलाह दी।

इसके बाद पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, सामाजिक कार्यकर्ता सुमन बडोनी तथा परिजनों ने जिलाधिकारी से हेली एंबुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चिन्यालीसौड़ एयरपोर्ट पर हेली एंबुलेंस भेजी। शाम करीब 4 बजे महिला को हेली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश के लिए रवाना किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

Leave a Comment