Udayprabhat
uttrakhand

डीएम ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं भव्य बनाने के दिए निर्देश

चमोली: स्वतंत्रता दिवस को भव्य, गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को समयबद्ध ढंग से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है। इस अवसर पर सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक भवनों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान तथा राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी कार्यक्रमों को उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ आयोजित करने पर जोर दिया।

बैठक में विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए शिक्षा विभाग को 15 अगस्त की सुबह प्रभात फेरी आयोजित करने के निर्देश दिए गए। वहीं वन विभाग एवं ग्राम्य विकास विभाग को जनपदभर में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन विषयक जनजागरूकता अभियान तथा श्रमदान कार्यक्रम संचालित करने को कहा गया।

इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राज्य आंदोलनकारियों के उत्तराधिकारियों को सम्मानपूर्वक स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने क्रीड़ा विभाग को 14 अगस्त को क्रॉस कंट्री रेस आयोजित करने तथा सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस से पूर्व और उसके अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का आयोजन राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने वाला होना चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।

Leave a Comment