पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देवप्रयाग–पौड़ी मोटर मार्ग पर सबदरखाल के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर कार में फंसे छह लोगों को बाहर निकाला, लेकिन पांच लोगों ने दम तोड़ दिया था।
गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए श्रीनगर के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार देवप्रयाग से पौड़ी की ओर जा रही थी। सभी यात्री हरिद्वार के रहने वाले बताए जा रहे हैं और किसी कार्य से पौड़ी जा रहे थे। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। एसडीआरएफ और पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी तलाशी अभियान चला रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन में कोई अन्य व्यक्ति सवार तो नहीं था।
