Udayprabhat
uttrakhand

मसूरी में मेडिकल स्टोरों की जांच में मिलीं गंभीर खामियां, तीन पर दवा बिक्री बंद

मसूरी: पर्यटन नगरी मसूरी में मेडिकल स्टोरों की औचक जांच के दौरान दवाओं की बिक्री और रखरखाव में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। ‘सेफ ड्रग्स-सेफ लाइफ’ अभियान के तहत हुई कार्रवाई में कहीं फार्मासिस्ट गायब मिला तो कहीं एक्सपायरी दवाएं सामान्य दवाओं के बीच रखी मिलीं। एक दुकान का लाइसेंस भी समाप्त पाया गया। जांच के बाद तीन मेडिकल स्टोरों में दवाओं की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी के नेतृत्व में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मानेन्द्र सिंह राणा और औषधि निरीक्षक विनोद जुगलान की टीम ने कई मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान लाइसेंस, फार्मासिस्ट की मौजूदगी, दवाओं के रिकॉर्ड, एक्सपायरी दवाओं के निस्तारण, फ्रिज के तापमान और नारकोटिक्स दवाओं की बिक्री से जुड़े दस्तावेज जांचे गए।

हैमर्स मेडिकोज में फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिला। एक्सपायरी दवाएं सामान्य स्टॉक के साथ रखी थीं। सीसीटीवी की व्यवस्था नहीं थी और सफाई भी खराब मिली। अग्रवाल मेडिकोज में वैक्सीन निर्धारित तापमान पर नहीं रखी गई थीं। यहां भी एक्सपायरी दवाएं मिलीं, जिसके बाद स्टोर बंद कर दिया गया।

ऑप्टिशियन मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिली और दवाओं को सुरक्षित रखने वाला फ्रिज खराब था। वहीं ए. जेम्स एंड कंपनी में लाइसेंस की अवधि समाप्त मिली और रिकॉर्ड भी व्यवस्थित नहीं थे।

पायनियर मेडिकल स्टोर में बड़ी कार्रवाई के बजाय व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment