Udayprabhat
uttrakhand

देहरादून में पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़, गैंगस्टर घायल, दोनों पैरों में लगी गोली, साथी फरार

देहरादून: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देहरादून पुलिस का चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सहारनपुर निवासी गैंगस्टर रईस घायल हो गया, जबकि उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 12-13 अगस्त की रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की काली मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक सवार तेज रफ्तार से चाय बागान की ओर भाग निकले।

पुलिस टीम ने पीछा करते हुए आसपास के थानों को भी सूचना दी। पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बदमाशों ने बाइक छोड़ दी और चाय बागान की तरफ पैदल भागने लगे। इसी दौरान पुलिस का पीछा किए जाने पर बदमाशों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में पुलिस के सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचा। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल बदमाश की पहचान रईस पुत्र नसीम, निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं फरार आरोपी की पहचान नवाब निवासी सहारनपुर के रूप में बताई गई है।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, चापड़, कुल्हाड़ी, दो चाकू, नायलॉन की रस्सी और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

एनकाउटंर पर एसएसपी का बयान: एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया है कि-

घायल बदमाश रईस साल 2024 में प्रेमनगर क्षेत्र में हुई गौकशी की घटना में पिछले करीब दो साल से वांछित चल रहा था. इस मामले में थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज है. पुलिस इस मामले में रईस के चार साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
-प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी, देहरादून-

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रईस ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने साथी के साथ देहरादून के टी-स्टेट और आसपास के क्षेत्रों में घूमने वाले आवारा गौवंश की रेकी कर रहा था। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी गौकशी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और पहचान छिपाने के लिए बाइक से नंबर प्लेट भी हटाई गई थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रईस के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग थानों में गौकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद प्रेमनगर थाने में पुलिस टीम पर कथित फायरिंग और बरामद हथियारों के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है।

फरार नवाब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए देहरादून जिले में अंतरराज्यीय, अंतरजनपदीय और आंतरिक मार्गों पर पुलिस की चेकिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Comment