Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

उत्तराखंड के पीपलकोटी टनल हादसे में 9 लोगों की मौत, DM ने की पुष्टि, सीएम धामी ने किया निरीक्षण

उत्तराखंड के चमोली में टनल के अंदर घुसा पानी, 9 की मौत, 19 श्रमिकों को बचाया गया, 3 की तलाश जारी

 चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने से बड़ा हादसा हो गया। घटना के बाद रातभर राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। प्रशासन के अनुसार टनल में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 3 लोगों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की लगभग 3 किलोमीटर लंबी टीआरटी टनल के करीब 1.5 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव होने से मलबा और पानी अंदर आ गया। हादसे के समय टनल में कार्यरत कई श्रमिक भीतर फंस गए थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने बताया कि घटना में अब तक 9 लोगों की मौत की सूचना है।

रेस्क्यू अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस तथा अन्य तकनीकी विशेषज्ञ टीमें जुटी हुई हैं। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल टनल के भीतर सावधानीपूर्वक अभियान चला रहे हैं।

घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी आवश्यक संसाधन और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment