काशीपुर: शहर में बिना मान्यता संचालित किए जा रहे दो मदरसों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। जांच के दौरान नियमों के अनुरूप दस्तावेज और मान्यता नहीं मिलने पर टीम ने ‘मदरसा मो. हनीफ सिद्धकी’ और ‘कासिफ उल उलूम’ को सील कर दिया।
बुधवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विपिन सिंह कंडारी और काशीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र चौधरी पुलिस टीम के साथ मदरसों की जांच के लिए पहुंचे। कटोराताल चौकी क्षेत्र में स्थित दोनों मदरसों का निरीक्षण किया गया।
तहसीलदार की मौजूदगी में हुई जांच के बाद प्रशासन ने दोनों संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की। इस दौरान मदरसों के प्रबंधक मौ. रफीक और शमीम अहमद को चेतावनी दी गई कि बिना वैध अनुमति के दोबारा संचालन करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई को देखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कुंडा, आईटीआई और जसपुर थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया था। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही।
एएसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पुलिस-प्रशासन की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी है।
