Udayprabhat
uttrakhand

ऋषिकेश: नदी में नहाते समय दिल्ली का 20 वर्षीय युवक लापता, सर्च अभियान जारी

ऋषिकेश: मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के नीम बीच के पास नदी में नहाने के दौरान दिल्ली निवासी 20 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, जल पुलिस, आपदा राहत दल और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली निवासी सौरभ शर्मा (20) अपने एक दोस्त के साथ नीम बीच से आगे घूमने गया था। इसी दौरान दोनों नदी में नहाने लगे। नहाते समय सौरभ अचानक गहरे पानी में चला गया और नदी के तेज बहाव में बह गया। दोस्त ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने डीप डाइविंग उपकरणों की मदद से नदी के संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की, लेकिन तेज बहाव के कारण अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

फिलहाल एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों का सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस और बचाव दल नदी के आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाश कर रहे हैं।

Leave a Comment