Udayprabhat
uttrakhand

थराली में 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधान संघ का प्रदर्शन, विकासखंड कार्यालय में की तालाबंदी

थराली: प्रदेश प्रधान संगठन के आह्वान पर थराली प्रधान संघ ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर विकासखंड कार्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रधान संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने सहायक विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।

प्रदर्शन में प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष उमेश खंडूरी भी शामिल हुए। ग्राम प्रधानों ने मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने, वीवीजी रामजी योजना में ऑफलाइन हाजिरी की व्यवस्था लागू करने तथा पंचायतीराज एक्ट में पारित 29 विभागों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किए जाने समेत 10 सूत्रीय मांगों के जल्द समाधान की मांग उठाई।

मांगों के समर्थन में ग्राम प्रधानों ने विकासखंड कार्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रधानों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

प्रधान संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया तो प्रदेशभर के ग्राम प्रधान उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और सरकार की होगी।

Leave a Comment