चमोली: महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को कर्णप्रयाग ब्लॉक सभागार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी मंत्री को दी।
अधिकारियों ने बताया कि चमोली जिले के सभी 9 विकासखंडों में संचालित 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देना तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराना है।
मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम जनहित से जुड़ा है, इसलिए इसमें अधिक से अधिक लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस दौरान रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महिला एवं बाल विकास विभाग की मजबूत रीढ़ हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की योजनाओं और सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
इसके साथ ही मंत्री ने नगर पालिका कर्णप्रयाग में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सफाई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के संचालन से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।
रेखा आर्या ने नागरिकों से भी स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
