रुड़की: एजुकेशन सिटी के नाम से पहचान रखने वाले रुड़की में एक यूनिवर्सिटी के भीतर छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद हंगामा हो गया। इसी दौरान कथित तौर पर हवाई फायरिंग किए जाने की सूचना से यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि सोमवार को यूनिवर्सिटी में छात्रों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक गुट ने अपने कुछ परिचित बाहरी युवकों को मौके पर बुला लिया। बाहरी युवकों के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच फिर से हंगामा शुरू हो गया। इसी दौरान एक युवक द्वारा कथित रूप से हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई।
फायरिंग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही विवाद में शामिल लोग वहां से निकल चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई और विवाद के कारणों के साथ-साथ कथित फायरिंग करने वाले युवक की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
भगवानपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि संस्थान में छात्रों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को शिक्षण संस्थान के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी प्रकार की घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रबंधन का कहना है कि उन्हें एक तेज आवाज सुनाई दी थी, जिसके बाद वे मौके की ओर पहुंचे। प्रबंधन की ओर से आवाज को पटाखे की आवाज बताया गया, हालांकि घटना को लेकर पुलिस जांच जारी है।
