हल्द्वानी: नैनीताल में ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव के समापन को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने 23 सितंबर को नगर क्षेत्र के सभी स्कूल-कॉलेजों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ ही महाविद्यालय भी बुधवार को बंद रहेंगे।
दरअसल, 23 सितंबर को नंदा देवी महोत्सव का विधिवत समापन होगा। इस अवसर पर मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और धार्मिक परंपराओं के अनुसार डोला विसर्जन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के समापन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के नैनीताल पहुंचने की संभावना है।
भीड़ बढ़ने के कारण शहर में यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों में अवकाश का निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों में अवकाश के आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
