Asian Games Cricket Final: एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के गोल्ड मेडल मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने 217 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और महज 15.4 ओवर में 69 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

भारत की इस बड़ी जीत में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा। भारतीय पारी की शुरुआत से ही टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका पर दबाव बनाया। स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और ऋचा घोष की शानदार और तेजतर्रार पारियों की बदौलत भारत ने मजबूत स्कोर खड़ा किया।

इसके बाद जब श्रीलंकाई टीम लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी तो भारतीय स्पिनरों ने अपनी फिरकी का ऐसा जाल बिछाया कि श्रीलंका के बल्लेबाज लगातार विकेट गंवाते चले गए। दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं शेफाली वर्मा ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 3 रन देकर 2 विकेट झटके। श्रेयंका पाटिल ने 9 रन देकर 2 विकेट और श्री चरणी ने 13 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

श्रीलंका की ओर से कप्तान चामरी अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए। उनके अलावा कौशिनी नुथ्यांगना ने 14 रन और कविशा दिलहारी ने 11 रन बनाए। इन तीन बल्लेबाजों को छोड़कर श्रीलंका की कोई भी खिलाड़ी दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सकी।

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं इस स्वर्ण पदक के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 7 हो गई है, जिसमें 1 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।
