Udayprabhat
uttrakhandराजनीति

उत्तराखंड बीजेपी में बड़ा बदलाव, दुष्यंत गौतम की जगह राम माधव बने प्रदेश प्रभारी

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया है। बीजेपी ने राम माधव को उत्तराखंड का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, बांसुरी स्वराज को प्रदेश सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इससे पहले दुष्यंत गौतम उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश प्रभारी और रेखा वर्मा सह प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। नई नियुक्तियों के बाद दोनों को इन पदों से हटा दिया गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से कई राज्यों के प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जिसमें उत्तराखंड भी शामिल है।

राम माधव को उत्तराखंड के साथ तमिलनाडु बीजेपी के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं, बांसुरी स्वराज अब उत्तराखंड में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और चुनावी तैयारियों में भूमिका निभाएंगी।

राम माधव लंबे समय से बीजेपी और आरएसएस से जुड़े रहे हैं। वह बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में पार्टी की रणनीति में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं। अगस्त 2026 से वह बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं।

उत्तराखंड विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 28 मार्च 2027 को समाप्त होना है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी की नई नियुक्तियों को संगठन की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी में है, जबकि कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। चुनाव की आधिकारिक तारीखों का ऐलान चुनाव आयोग की ओर से बाद में किया जाएगा।

Leave a Comment