Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

विकासनगर में स्कूल परिसर में घुसे बदमाश, परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट

विकासनगर: देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में स्कूल परिसर स्थित आवास में घुसकर बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर मारपीट और लूटपाट की। पीड़ित महिला के मुताबिक, बदमाशों ने प्रिंसिपल के बारे में पूछताछ करते हुए उन्हें जान से मारने की सुपारी मिलने की बात कही। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बरोटीवाला स्थित जमनीपुर रोड पर ग्रेट वैल्यू स्कूल के परिसर में गोपाल सिंह राठौर अपनी पत्नी नीलम राठौर और बेटे के साथ रहते हैं। आरोप है कि बुधवार तड़के करीब 3:15 बजे तीन बदमाश परिसर में पहुंचे। इनमें से दो घर के अंदर दाखिल हुए, जबकि एक बाहर खड़ा रहा।

नीलम राठौर के अनुसार, बदमाशों ने उनके और उनके पति के साथ मारपीट की और स्कूल के प्रिंसिपल के बारे में जानकारी मांगी। महिला का दावा है कि बदमाशों ने खुद को प्रिंसिपल की हत्या की सुपारी मिलने की बात कही और किसी को बताने या शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारियां खंगालीं और करीब 90 हजार रुपये के जेवरात समेत नकदी लेकर फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने परिवार के तीनों सदस्यों के हाथ बांध दिए और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।

पीड़ित परिवार ने किसी तरह खिड़की खोलकर पड़ोसियों को आवाज लगाई। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला और पुलिस को सूचना दी। करीब 4:20 बजे पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पीड़ित महिला के मुताबिक, एक बदमाश के हाथ में डंडा और दूसरे के पास लोहे की रॉड थी।

सीओ विकासनगर विवेक कुटियाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश और घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Comment