देहरादून: DAV PG कॉलेज छात्रसंघ चुनाव से कुछ घंटे पहले सोमवार देर रात राजपुर रोड स्थित SSP कैंप कार्यालय के बाहर NSUI कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू के खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) को लेकर कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई पर सवाल उठाए।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही SP सिटी शेखर चंद्र सुयाल, CO सदर, CO डोईवाला समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक नारेबाजी जारी रही। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने NSUI कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं को बसों में बैठाकर SSP कैंप कार्यालय के बाहर से हटाया।
छह महीने पुराने मामले में NBW जारी होने पर जताई नाराजगी
कांग्रेस नेताओं और NSUI कार्यकर्ताओं का कहना था कि DAV छात्रसंघ चुनाव से ठीक पहले करीब छह महीने पुराने मामले में विनीत कुमार भट्ट के खिलाफ NBW जारी किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि बंटू जांच में पुलिस का सहयोग कर रहे थे और लगातार पुलिस के संपर्क में थे। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले गैर-जमानती वारंट जारी किए जाने पर उन्होंने सवाल उठाए।
बंटू ने पुलिस पर दबाव बनाने का लगाया आरोप
विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 10 दिनों से पुलिस की ओर से उन्हें देहरादून छोड़ने और DAV कॉलेज नहीं जाने के लिए कहा जा रहा था। उनके मुताबिक, वह DAV के पूर्व छात्र हैं और लंबे समय से छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं।
बंटू ने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें SSP कार्यालय भी बुलाया था और शहर छोड़ने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। उन्होंने कार्रवाई को छात्रसंघ चुनाव से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि NSUI प्रत्याशी के पक्ष में बन रहे माहौल के चलते राजनीतिक दबाव में उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
ज्योति रौतेला ने भी उठाए सवाल
प्रदर्शन में कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रसंघ चुनाव से ठीक एक दिन पहले NSUI से जुड़े युवा नेता के खिलाफ NBW जारी किया जाना चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता चुनाव के दौरान सक्रिय रहेंगे।
एसपी सिटी का बयान: वहीं एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि-
प्रदर्शनकारियों को कुछ कानूनी प्रक्रिया को लेकर आपत्तियां थीं. उनसे बातचीत कर संबंधित प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई. DAV छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
-शेखर चंद्र सुयाल, एसपी सिटी, देहरादून-
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई
SP सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि DAV छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। पुलिस ड्रोन और वीडियोग्राफी टीमों के माध्यम से भी निगरानी रखेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद पुलिस ने DAV PG कॉलेज के आसपास करनपुर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान सड़क किनारे समूह बनाकर खड़े छात्रों को हटाया गया। पुलिस के अनुसार, चुनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है।
