Udayprabhat
uttrakhand

मेस के खाने में कीड़ा मिलने पर भड़के दून विवि के छात्र, देर रात कुलपति आवास के बाहर प्रदर्शन

देहरादून: दून विश्वविद्यालय में छात्र परिषद चुनाव से एक दिन पहले सोमवार देर रात मेस के खाने को लेकर छात्रों का आक्रोश सामने आया। भोजन में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय के कुलपति आवास के बाहर पहुंच गए और मेस की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया।

छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय की मेस में खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद भोजन की गुणवत्ता और मेस व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया।

सोमवार रात भोजन में कीड़ा मिलने की सूचना के बाद छात्रों में नाराजगी और बढ़ गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कुलपति आवास के बाहर एकत्र हो गए और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करने लगे।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से चीफ प्रॉक्टर को भी मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर मामले को शांत कराने और उनकी शिकायतें सुनने का प्रयास किया।

हालांकि, छात्र अपनी मांगों को लेकर देर रात तक कुलपति आवास के बाहर डटे रहे। छात्रों ने मेस में भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और शिकायतों के स्थायी समाधान की मांग की।

Leave a Comment