Udayprabhat
uttrakhand

भाजपा पार्षद के घर लाखों की चोरी, खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को किया बेहोश, घरेलू सहायक पर आरोप

देहरादून: देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में भाजपा पार्षद के घर चोरी का मामला सामने आया है। वार्ड 36 विजय पार्क की पार्षद अमिता सिंह के घर हुई इस वारदात में घरेलू सहायक पर परिवार को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने और इसके बाद नकदी व लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार होने का आरोप है।

घटना के बाद पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 30 सितंबर की सुबह परिवार को घटना का पता चला। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बसंत विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर की जांच शुरू की। पुलिस चोरी हुई नकदी और जेवरात की कीमत का आकलन करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और घरेलू सहायक की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस घरेलू सहायक की तलाश और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच में जुटी है। चोरी गए सामान और नकदी की वास्तविक कीमत का आकलन जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।

20 से 25 दिन पहले ऑनलाइन एंजेसी के जरिए घरेलू सहायक को घर के कामकाज के लिए हायर किया था. कल रात (29 सिंतबर) डिनर के खाने में नौकर ने कुछ पाउडर मिलाया था. घर में मौजूद अमिता सिंह, भांजा और छोटे दामाद ने खाना खाया. हालांकि भांजा और छोटे दामाद को होश आ गया है, लेकिन बहन अमिता सिंह का उपचार सिनर्जी अस्पताल देहरादून में चल रहा है. चिकित्सकों के मुताबिक आउट ऑफ डेंजर है.
-राजेश तलवार, अमिता सिंह का भाई-

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पार्षद की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. आरोपी घरेलू सहायक की तलाश के साथ ही घर से गायब कैश और ज्वेलरी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
– अंकित कंडारी, सीओ सदर –

Leave a Comment