Udayprabhat
uttrakhand

SIR को लेकर विपक्ष के सवालों पर चुनाव आयोग ने स्थिति साफ की: अजय वर्मा

अल्मोड़ा: नगर पालिका सभागार में बुधवार को भाजपा की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर अजय वर्मा ने SIR और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के सवालों पर प्रतिक्रिया दी।

अजय वर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग के हालिया संयुक्त बयान से SIR समेत निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्तों की बैठक के बाद जारी बयान में SIR सहित प्रमुख फैसलों को आयोग की सर्वसम्मति से लिया गया बताया गया है।

उन्होंने कहा कि 24 जून 2025 के मूल आदेश से लेकर विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में SIR की समय-सारणी तक के फैसले आयोग की सहमति से लिए गए हैं। उनके अनुसार, आयोग के फैसलों में मतभेद होने का विपक्ष का दावा भी स्पष्ट हो गया है।

महापौर ने कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आयोग के अनुसार यह पत्र SIR या किसी नीतिगत फैसले से जुड़ा नहीं था, बल्कि प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी से संबंधित प्रशासनिक मामला था।

फॉर्म-6 को लेकर उन्होंने कहा कि SIR के दौरान इसकी प्रक्रिया के संबंध में स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पात्र मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष शिविर और बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से घर-घर जाकर फॉर्म लेने की व्यवस्था की गई है।

अजय वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े मामलों पर चर्चा तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए।

Leave a Comment