देहरादून: देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहब्बेवाला में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक ट्रक और कार की जोरदार टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराया, जिससे ट्रक चालक केबिन में फंस गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक आशारोड़ी की ओर से देहरादून आ रहा था। इसी दौरान मोहब्बेवाला क्षेत्र में एक कार चालक द्वारा यूटर्न लेते समय वाहन गलत दिशा में चला गया। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक कार से टकरा गया और फिर सड़क किनारे बिजली के पोल से जा भिड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
SDRF टीम ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान जुनैद (निवासी बागपत) के रूप में हुई है। वहीं कार सवार को भी घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया।
दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
