पिथौरागढ़ – सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी-मिलम मार्ग पर शुक्रवार को एक बोलेरो टैक्सी जीप (यूके 05 टीए 5010) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए गोरी नदी में समा गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है। वाहन मिलम से मुनस्यारी की ओर आ रहा था, तभी रेलकोट से लगभग दो किमी आगे यह दुर्घटना हुई।
हादसे में मुनस्यारी के दिव्यांशु (17), पुष्पा देवी (38), मदकोट निवासी पुष्कर सिंह (32), भगत सिंह (43), और कैलाश (22) घायल हो गए। वाहन में सवार एक बच्ची की भी मौत हो गई है, जिसकी उम्र पांच वर्ष से कम बताई जा रही है। सूचना पर 14वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडिंग ऑफिसर राम भरत कुशवाह के निर्देश पर मिलम और लीलम चौकियों से रेस्क्यू टीम भेजी गई। जवानों ने घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार देने के बाद सीएचसी मुनस्यारी भेजा।
अंधेरा होने के कारण लापता व्यक्ति की तलाश में सर्च अभियान में बाधा आई। एसडीएम खुशबू पांडे ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
शनिवार को पिथौरागढ़ के मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने घायलों की स्थिति से अवगत कराया।
