Udayprabhat
uttrakhand

राजाजी टाइगर रिजर्व 5 माह के लिए बंद, इस सीजन में रिकॉर्ड तोड़ कमाई और पर्यटक संख्या में इजाफा

हरिद्वार: मानसून सीजन की शुरुआत के साथ ही राजाजी टाइगर रिजर्व को 15 जून से सैलानियों के लिए बंद कर दिया गया है। अब यह रिजर्व आगामी 15 नवंबर को दोबारा पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। इस बार के पर्यटन सीजन में रिजर्व ने रिकॉर्ड तोड़ पर्यटक संख्या और राजस्व अर्जित किया है।

इस सीजन में पार्क के सभी गेटों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष रूप से हरिद्वार रेंज स्थित रानीपुर गेट ने इस बार विगत वर्षों की तुलना में दोगुनी कमाई की। पिछले वर्ष जहाँ यह गेट लगभग 9.58 लाख रुपए राजस्व लाया था, वहीं इस वर्ष यह बढ़कर 17.36 लाख रुपए हो गया।

वहीं मोहण्ड गेट ने नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए 35.27 लाख, चीला गेट ने 53.20 लाख, और मोतीचूर गेट ने 17.13 लाख रुपए का राजस्व दिया। कुल मिलाकर इस बार पार्क को 1 करोड़ 23 लाख रुपए की कमाई हुई। इस वर्ष 51500 पर्यटक रिजर्व में पहुंचे, जिनमें से 2000 विदेशी नागरिक थे। पिछले वर्ष यह संख्या लगभग 46000 थी, जिनमें 1400 विदेशी पर्यटक शामिल थे।

राजाजी टाइगर रिजर्व की वार्डन चित्रांजलि नेगी ने बताया कि, “यह सीजन हमारे लिए बहुत सफल रहा है। हम आगामी पर्यटन सत्र के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर रहे हैं। अगले 5 महीनों में जंगल को पुनर्जीवित होने का समय मिलेगा, जिससे वन्यजीवों को बेहतर संरक्षण और पर्यटकों को और बेहतर अनुभव मिल सकेगा।”

Leave a Comment