Udayprabhat
accidentuttrakhand

बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, टाटा सूमो और पिकअप की टक्कर में सात श्रद्धालु घायल

चमोली: बद्रीनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की टाटा सूमो और पिकअप वाहन के बीच कर्णप्रयाग के समीप सिरोली इलाके में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और बद्रीनाथ हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलते ही लंगासू पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में सवार सात घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायल यात्री खतरे से बाहर हैं।

जानकारी के मुताबिक वाहन में कुल आठ यात्री सवार थे, जो उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी शिव शंकर ने बताया कि सभी श्रद्धालु बद्रीनाथ दर्शन कर वापस लौट रहे थे तभी यह दुर्घटना हुई।

वहीं वाहन चालक कुशन कुमार ने बताया कि हादसे के बाद यात्रियों को आगे हरिद्वार तक भेजने के लिए उनके पास आर्थिक समस्या भी उत्पन्न हो गई है।

चमोली पुलिस के कोतवाल बिनोद थपलियाल ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता करना है। सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Comment