अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर क्षेत्र में पच्चीसी के पास शुक्रवार को एक स्कॉर्पियो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में तीन लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौसानी भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों को हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत सामान्य है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही थाना सोमेश्वर पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार सोमेश्वर को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।
हादसे में घायल लोगों की पहचान प्रकाश राम (32) पुत्र प्रताप राम, निवासी रनमन तथा राजेन्द्र कुमार पुत्र बहादुर राम, निवासी छानी लवेशाल, थाना सोमेश्वर के रूप में हुई है। दोनों का उपचार कौसानी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति दुर्घटना के बाद से लापता है। उसकी तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि लापता व्यक्ति की खोजबीन जारी है और दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
