रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय युवक गौरव आर्या की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार 35 वर्षीय पुष्कर राम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मोहान क्षेत्र से आगे चिमटा और दुर्गा मंदिर के पास एक मोड़ पर हुआ, जहां गढ़वाल यूजर्स की बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा जिले के सल्ट निवासी गौरव आर्या अपने साथी पुष्कर राम के साथ बाइक से जा रहे थे। पुष्कर राम भी सल्ट क्षेत्र के अजोली तल्ली के निवासी बताए जा रहे हैं। इसी दौरान मोहान से आगे चिमटा और दुर्गा मंदिर के समीप मोड़ पर उनकी बाइक की गढ़वाल यूजर्स की बस से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों युवक घायल हो गए।
हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इस दौरान गौरव आर्या की मौत की खबर सामने आई, जबकि गंभीर रूप से घायल पुष्कर राम को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
तेज रफ्तार और मोड़ पर पास लेने का आरोप
घायल पुष्कर राम के अनुसार, हादसे के समय वे बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान मोड़ पर बस चालक ने तेज गति से पास लेने का प्रयास किया, जिससे बाइक को टक्कर लग गई। उन्होंने हादसे के लिए बस चालक की तेज रफ्तार और मोड़ पर पास लेने की कोशिश को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस जुटी जांच में
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, गौरव आर्या की असमय मौत से उसके परिजनों और क्षेत्र में शोक की लहर है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
