Udayprabhat
accidentuttrakhand

मोबाइल पर बात करते खाई में गिरा युवक, पुलिस और SDRF ने रेस्क्यू कर बचाई जान

रुद्रप्रयाग: अगस्त्यमुनि थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन पर बात करते समय एक बाइक सवार युवक के खाई में गिरने से हड़कंप मच गया। तिमली बैंड से आगे संतुलन बिगड़ने के कारण युवक करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक की जान बचा ली।

घटना बीती देर रात की है, जब स्थानीय लोगों ने युवक के खाई में गिरने की सूचना पुलिस को दी। गंभीर स्थिति को देखते हुए अगस्त्यमुनि पुलिस और SDRF पोस्ट रतूड़ा की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर रवाना हुई। दुर्गम और खड़ी पहाड़ी परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीम ने रोप तकनीक का इस्तेमाल कर खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई।

कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित स्ट्रेचर के माध्यम से बाहर निकाला गया। घायल युवक की पहचान अरविंद राणा (28 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह राणा, निवासी ग्राम मठिया, पोस्ट ऑफिस बक्सीर, तहसील बसुकेदार, थाना गुप्तकाशी के रूप में हुई है। युवक को 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अगस्त्यमुनि भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल स्थिर है।

SDRF के उप निरीक्षक आशीष डिमरी ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर युवक लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिरा मिला, जहां रेस्क्यू करना बेहद जोखिम भरा था। टीम की तत्परता और साहस से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Leave a Comment