भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला क्रिकेट को मजबूती देने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। घरेलू महिला क्रिकेट में खेलने वाली खिलाड़ियों की मैच फीस में भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे अब महिला क्रिकेटरों को पहले के मुकाबले लगभग दोगुनी सैलरी मिलेगी।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, BCCI की एपेक्स काउंसिल ने 22 दिसंबर को हुई ऑनलाइन बैठक में नए फीस स्ट्रक्चर को मंजूरी दे दी है। हालांकि बोर्ड की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
नए ढांचे के तहत सीनियर महिला टूर्नामेंट (50 ओवर और मल्टी-डे फॉर्मेट) में प्लेइंग इलेवन में शामिल खिलाड़ियों को अब प्रति दिन 50,000 रुपये मिलेंगे, जबकि रिजर्व खिलाड़ियों की फीस 25,000 रुपये प्रतिदिन तय की गई है। इससे पहले खिलाड़ियों को 20,000 रुपये प्रतिदिन मिलते थे।
वहीं राष्ट्रीय महिला टी20 टूर्नामेंट में प्लेइंग इलेवन की खिलाड़ियों को प्रति मैच 25,000 रुपये और रिजर्व खिलाड़ियों को 12,500 रुपये दिए जाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, यदि कोई सीनियर महिला क्रिकेटर पूरे सीजन में सभी फॉर्मेट खेलती है, तो उसकी सालाना कमाई 12 से 14 लाख रुपये तक पहुंच सकती है।
जूनियर खिलाड़ियों को भी फायदा
BCCI ने जूनियर महिला क्रिकेटरों की फीस में भी इजाफा किया है। अंडर-23 और अंडर-19 वर्ग की खिलाड़ियों को वनडे मैचों में 25,000 रुपये मिलेंगे, जबकि रिजर्व खिलाड़ियों को 12,500 रुपये दिए जाएंगे। टी20 मुकाबलों में प्लेइंग इलेवन को 12,500 रुपये और रिजर्व खिलाड़ियों को 6,250 रुपये मिलेंगे।
अंपायरों की फीस में भी बढ़ोतरी
इस फैसले का फायदा सिर्फ खिलाड़ियों को ही नहीं, बल्कि मैच अधिकारियों को भी मिलेगा। घरेलू टूर्नामेंट के लीग मुकाबलों में अंपायरों और मैच रेफरी को अब प्रति दिन 40,000 रुपये मिलेंगे। वहीं नॉकआउट मैचों में यह राशि बढ़कर 50,000 से 60,000 रुपये प्रतिदिन तक हो सकती है।
