ऑस्ट्रेलिया के ग्रीन 25.20 करोड़ में बिके
श्रीलंका के पथिराना के लिए खर्च किये 18 करोड़
ग्रीन ने अपने ही देश के स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा
अबू धाबी: कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के खिलाड़ियों की नीलामी में मंगलवार को यहां ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज हरफनमौला ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन के लिए रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये और श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना के लिए 18 करोड़ रुपये खर्च किए।
पृथ्वी साव और सरफराज खान जैसे भारतीय बल्लेबाजों को अच्छी लय में होने के बावजूद इस नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला। ग्रीन ने अपने हमवतन मिशेल स्टार्क (24.75 करोड़ रुपये) को पीछे छोड़ते हुए आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया। केकेआर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच उनके लिए कड़ी बोली लगी, जिसके अंत में चेन्नई की फ्रेंचाइजी पिछड़ गयी। केकेआर ने इसके बाद वेंकटेश अय्यर को हासिल करने की कोशिश की थी, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस हरफनमौला को सात करोड़ रुपये की बोली के साथ अपनी से जोड़ा। तीन बार की इस चैंपियन ने श्रीलंका के तेज गेंदबाज पथिराना को खरीदने की होड़ में तब प्रवेश किया जब दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुरुआती बोली के बार पीछे हटने का फैसला किया। दो करोड़ रुपये की आधार मूल्य के साथ इस नीलामी में शामिल होने वाले पथिराना आईपीएल में बिकने वाले सबसे महंगे श्रीलंकाई खिलाड़ी बन गए।

विदेशी खिलाड़ियों के लिए नीलामी के नियमों के अनुसार हालांकि शेष राशि बीसीसीआई के खिलाड़ी विकास कार्यक्रम में जाएगी। ऐसे में इस सत्र के लिए उनका वेतन 18 करोड़ रुपये (19 लाख अमेरिकी डॉलर) ही रहेगा। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व करने वाले पथिराना को हालांकि पूरी रकम मिलेगी क्योंकि वह वेतन सीमा के अंदर है। ग्रीन इससे पहले मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने आईपीएल के 29 मैचों में 707 रन बनाने के अलावा 16 विकेट भी चटकाए है। साव हालांकि घरेलू क्रिकेट में शानदार लय में होने के बावजूद किसी फ्रेंचाइजी को प्रभावित करने में नाकाम रहे। यह हाल सरफराज का भी रहा जिन्होंने मंगलवार को मुंबई के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच में 22 गेंदों में 73 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के आक्रामक बल्लेबाज डेविड मिलर को दिल्ली कैपिटल्स ने उनके आधार मूल्य दो करोड़ रुपये में खरीदा जबकि न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे (आधार मूल्य दो करोड़ रुपये) नीलामी में नहीं बिके।

