Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

एशिया कप से पहले अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को हराया 18 रन से- AFGHANISTAN VS PAKISTAN

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 से पहले अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने एक बार फिर दुनिया को अपने शानदार प्रदर्शन से चौंका दिया है। शारजाह में खेले गए त्रिकोणीय टी20 सीरीज के मुकाबले में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 18 रनों से शिकस्त दी। इस जीत ने न केवल पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया बल्कि एशिया कप के अन्य दावेदारों को भी सचेत कर दिया है कि अफगानिस्तान को अब हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।

बीते मंगलवार को खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 169 रनों का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल और इब्राहिम जदरान ने शानदार अर्धशतक जमाए। अटल ने 64 जबकि जदरान ने 65 रन की पारी खेली। जदरान को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

पाकिस्तान की ओर से फहीम अशरफ सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 विकेट झटके। हालांकि, उनके प्रयास भी टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी कर पाकिस्तान के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। फखर जमान ने 25 और हारिस रऊफ ने 34 रन जरूर बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा सका। नतीजा यह रहा कि पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 151 रन ही बना सकी और 18 रनों से मुकाबला हार गई।

अफगानिस्तान की ओर से गेंदबाजों ने गजब की टीम वर्क दिखाई। फजलहक फारूकी, राशिद खान, मोहम्मद नबी और नूर अहमद ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। खासकर नूर और राशिद खान ने बीच के ओवरों में पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

इस जीत के बाद अफगानिस्तान टी20 क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ अब तक खेले गए 9 मुकाबलों में चौथी जीत दर्ज करने में सफल रहा है। जबकि पाकिस्तान के खाते में 5 जीत हैं। यह रिकॉर्ड दर्शाता है कि अफगानिस्तान अब किसी भी बड़ी टीम के खिलाफ जीत दर्ज करने का माद्दा रखता है।

जीत के बाद अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “अगर गेंदबाज सही लाइन पर गेंदबाजी करें तो किसी भी स्कोर का बचाव किया जा सकता है। हमारे पास बेहतरीन बेंच स्ट्रेंथ है और हम विपक्षी टीम और पिच की स्थिति को देखकर ही फैसला लेते हैं कि किसे मौका देना है। नूर और गजनफर ने शानदार गेंदबाजी की और मुझे खुशी है कि हमारे पास हर परिस्थिति के लिए खिलाड़ी मौजूद हैं। एशिया कप नजदीक है और हम पूरी ताकत के साथ उसमें उतरेंगे।”

अफगानिस्तान की इस जीत ने साबित कर दिया है कि वह अब सिर्फ उभरती हुई टीम नहीं बल्कि एशिया और विश्व क्रिकेट में खिताब की प्रबल दावेदार बन चुकी है। भारत की मेजबानी में 9 सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप में उसका प्रदर्शन देखने लायक होगा।

Leave a Comment