नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ा पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया और कहा कि निराधार व झूठे आरोप लगाना उनकी आदत बन गई है। ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी लगातार लोकतंत्र पर सवाल उठाते रहते हैं, कभी ईवीएम को निशाना बनाते हैं तो कभी चुनाव आयोग को।
भाजपा नेता ने कटाक्ष करते हुए पूछा कि राजीव गांधी की हत्या के बाद एक महीने तक चुनाव टालना आखिर किसके फायदे के लिए किया गया था? उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने रमा देवी सहित कई चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति अपने कार्यकाल में की थी।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति अब केवल आरोपों पर टिक गई है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी करीब 90 चुनाव हार चुकी है, जिससे उनकी हताशा और निराशा साफ झलकती है। ठाकुर ने कहा, “जब उनसे सबूत मांगा जाता है तो वह पीछे हट जाते हैं, हलफनामा देने से बचते हैं। राफेल और ‘चौकीदार चोर’ जैसे आरोपों का हश्र भी यही हुआ था– झूठ और माफी।”
राहुल गांधी की प्रेस वार्ता पर तंज कसते हुए ठाकुर ने कहा कि वह आज ‘हाइड्रोजन बम’ गिराने वाले थे, लेकिन उनके पास बस ‘फुलझड़ी’ ही निकली जो बुझ गई।
दरअसल, राहुल गांधी ने सुबह चुनाव आयोग पर आरोप लगाया था कि विपक्षी मतदाताओं के नाम बड़ी संख्या में हटाए जा रहे हैं। उन्होंने सॉफ्टवेयर आधारित हेरफेर की बात कही और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सत्तारूढ़ पक्ष को बचाने का आरोप लगाया। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और गलत बताया है।
