Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: स्कूल छुट्टी के बाद घर लौट रहे शिक्षक की खाई में गिरने से दर्दनाक मौत,परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

पिथौरागढ़: पिथौरागढ़ जिले के सीमांत क्षेत्र मूनाकोट में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय शिलिंग्या में तैनात सहायक अध्यापक उमेश प्रकाश (42) की खाई में गिरने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर को विद्यालय में अवकाश के बाद शिक्षक अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक असंतुलित होकर वे गहरी खाई में जा गिरे। काफी देर तक सड़क पर न पहुंचने पर साथ चल रहे अन्य शिक्षकों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की गई। तभी खाई में उनका बैग दिखाई दिया। अनहोनी की आशंका पर पुलिस और 108 सेवा को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ जवानों ने कड़ी मशक्कत कर शव को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद 108 की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर मिलते ही प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जीतेंद्र वल्दिया, ब्लॉक अध्यक्ष कवींद्र लाल, मंत्री पुष्कर खड़ायत समेत कई शिक्षक अस्पताल पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। उमेश प्रकाश मूल रूप से सितारगंज के रहने वाले थे, जबकि वर्तमान में उनका परिवार पिथौरागढ़ नगर के महादेव जीआईसी क्षेत्र में रहता है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इसी साल मई में भी धारचूला तहसील के प्राथमिक विद्यालय सुमदुंग में तैनात शिक्षक सोबल सिंह दुग्ताल की पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से मौत हो गई थी।

Leave a Comment