Udayprabhat
Breaking NewsEntertainmentदेश

रणवीर सिंह का बॉक्स ऑफिस धमाका! ‘धुरंधर’ बनी 2025 की पहली 1000 करोड़ कमाने वाली बॉलीवुड फिल्म, ‘जवान’ का टूटा रिकॉर्ड

मुंबई: रणवीर सिंह की हालिया रिलीज फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर वो कर दिखाया है, जो अब तक किसी बॉलीवुड फिल्म ने 2025 में नहीं किया था। रिलीज के महज 21 दिनों में फिल्म ने कमाई के मामले में इतिहास रचते हुए खुद को साल की पहली 1000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली फिल्म बना लिया है।

डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। फिल्म ने पहले हफ्ते में 218 करोड़ रुपये, दूसरे हफ्ते में 261.5 करोड़ रुपये और 15वें से 19वें दिन के बीच 139.8 करोड़ रुपये का जबरदस्त कारोबार किया। वहीं, क्रिसमस के मौके पर 21वें दिन फिल्म ने 28.60 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। इसके साथ ही तीन हफ्तों में ‘धुरंधर’ का कुल डोमेस्टिक कलेक्शन 668.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

इस धमाकेदार कलेक्शन के साथ ‘धुरंधर’ ने शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म ‘जवान’ (640.25 करोड़) और प्रभास स्टारर ‘कल्कि 2898 AD’ (646.31 करोड़) को पीछे छोड़ दिया है। अब ‘धुरंधर’ बॉलीवुड की सबसे ज्यादा डोमेस्टिक कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है और इंडियन सिनेमा की ऑल-टाइम टॉप लिस्ट में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है।

वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी रणवीर सिंह का जलवा बरकरार है। फिल्म ने दुनियाभर में 1006.7 करोड़ रुपये का बिज़नेस कर लिया है और इसके साथ ही यह भारत की 9वीं 1000 करोड़ कमाने वाली फिल्म बन गई है। इस रेस में ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा चैप्टर 1’ और विक्की कौशल की ‘छावा’ पीछे रह गईं।

Leave a Comment