Udayprabhat
uttrakhand

हरिद्वार में धर्मांतरण की आशंका पर हंगामा, बजरंग दल ने किया विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के बिशनपुर झरड़ा गांव में गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब एक निजी मकान में आयोजित क्रिसमस कार्यक्रम को लेकर कथित धर्मांतरण की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कार्यक्रम का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। देखते ही देखते बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हो गए और आयोजकों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई।
स्थिति की जानकारी मिलते ही पथरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर हालात को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में बजरंग दल के कार्यकर्ता मकान के बाहर धरने पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए कार्रवाई की मांग की।

विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री जीवेंद्र तोमर ने आरोप लगाया कि गांव में प्रलोभन देकर धर्मांतरण की कोशिश की जा रही थी, जिसकी शिकायत मिलते ही संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कार्यक्रम को रुकवाया।
पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया गया है। फिलहाल एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Comment