एशिया कप 2025 में हैंडशेक विवाद पर गतिरोध खत्म होने के बाद पाकिस्तान का यूएई के खिलाफ मुकाबला तय समय से एक घंटे देरी से शुरू हुआ। लेकिन इस देरी का असर पाकिस्तान के प्रदर्शन पर नहीं पड़ा। पाकिस्तान ने 41 रनों से जीत दर्ज करते हुए ग्रुप ए से भारत के साथ सुपर-4 में जगह बना ली। इसी के साथ अब 21 सितंबर को एक बार फिर से भारत-पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा।
मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत खराब रही। 120 रन तक पहुंचना मुश्किल लग रहा था, लेकिन आखिरी ओवरों में शाहीन शाह अफरीदी ने 14 गेंदों में 29 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेल टीम को संभाल लिया। इसके अलावा फखर जमान ने अहम 50 रन बनाए और पाकिस्तान 9 विकेट पर 146 रन तक पहुंच सका। यूएई की ओर से जुनैद सादिक और सिमरनजीत ने शानदार गेंदबाजी की। जुनैद ने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 4 विकेट झटके जबकि सिमरनजीत को 3 सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई टीम पाकिस्तान के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं पाई। पूरी टीम 105 रन पर सिमट गई। राहुल ने 35 रन और ध्रुव प्रशर ने 20 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। कप्तान मोहम्मद वसीम 14 और अली शरफू 12 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और अबरार अहमद ने दो-दो विकेट झटके। साईम अय्यूब और सलमान को एक-एक सफलता मिली। शाहीन अफरीदी को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
उधर, ग्रुप बी में अभी भी तस्वीर साफ नहीं है। वहां तीनों टीमों का नेट रन रेट बराबरी पर है। ऐसे में अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका का नतीजा ही तय करेगा कि सुपर-4 में आगे कौन सी दो टीमें जाएंगी।
