देहरादून: उत्तराखंड में नशा तस्करी का जाल लगातार फैल रहा है, लेकिन पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम इसे ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। ताजा कार्रवाई रायपुर थाना क्षेत्र के सोडा सरौली इलाके से सामने आई है, जहां एएनटीएफ टीम ने चार युवकों को दबोच कर उनके पास से 2 किलो 30 ग्राम चरस बरामद की है। आरोप है कि यह चरस शहर के कॉलेजों और हॉस्टलों में सप्लाई की जानी थी।
टीम को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक छात्रावासों और कॉलेजों में नशे की सप्लाई कर रहे हैं। इस पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और ड्रग पैडलरों पर निगरानी शुरू की। बुधवार देर शाम छापेमारी कर प्रियांशु नेगी (22), गौतम उनियाल (20), ऋषभ बुटोला (22) और अंशुल रावत (21) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि युवक यह चरस बागेश्वर के एक अंतरराज्यीय तस्कर से लाए थे, जिसकी तलाश अब जारी है।
पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया और अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि नशे का कारोबार युवाओं को बर्बादी की ओर धकेल रहा है, जिसे खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
