तिरुवनंतपुरम (केरल): भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला शनिवार को केरल के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा और इसी के साथ सीरीज का फैसला भी हो जाएगा।
सीरीज के निर्णायक मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने शुक्रवार सुबह प्रसिद्ध श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद लिया। टीम इंडिया के खिलाड़ी पारंपरिक केरल वेशभूषा मुंडू और मेलमुंडू में नजर आए।

कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और रिंकू सिंह समेत कई खिलाड़ी सुबह करीब 9 बजे मंदिर परिसर पहुंचे। खिलाड़ियों ने लगभग आधे घंटे तक पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर दर्शन के दौरान भारी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। टीम इंडिया की एक झलक पाने के लिए मंदिर परिसर के बाहर बड़ी संख्या में फैंस मौजूद रहे। पूजा के बाद भारतीय टीम सीधे होटल के लिए रवाना हो गई।

उल्लेखनीय है कि दोनों टीमें गुरुवार को स्पेशल चार्टर्ड विमान से तिरुवनंतपुरम पहुंची थीं। अब सभी की नजरें शनिवार शाम होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं, जहां जीत के साथ सीरीज खत्म करने का लक्ष्य दोनों टीमों के सामने होगा।
पांच मैचों की इस सीरीज में भारत 3-1 से आगे है. देखना होगा कि शनिवार को खेले जाने वाले मैच में कौन सिकंदर बनता है.
