IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में टीम इंडिया को 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने अपनी पहली वनडे सीरीज गंवा दी है। ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 264 रन बनाए। टीम के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 73 रन बनाए। उन्होंने 97 गेंदों की पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। श्रेयस अय्यर ने भी शानदार 61 रन बनाए, जबकि अक्षर पटेल ने 44 रनों की तेज़ पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एडम जम्पा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 10 ओवर में 60 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके अलावा जेवियर बार्टलेट ने 3 और मिशेल स्टार्क ने 2 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन मध्यक्रम ने शानदार प्रदर्शन किया। मैथ्यू शॉर्ट ने 78 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्कों के साथ 74 रन बनाए। वहीं, कूपर कोनोली ने 53 गेंदों में नाबाद 61 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 6 छक्के शामिल थे। उनकी पारी ने ऑस्ट्रेलिया को 46.2 ओवर में 265 रन बनाकर जीत दिलाई।
भारत की ओर से हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वाशिंगटन सुंदर ने 2-2 विकेट हासिल किए। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा और आखिरी वनडे मैच 26 अक्टूबर को सिडनी में खेला जाएगा, जहां भारत सीरीज में सम्मानजनक वापसी करने की कोशिश करेगा।
