मेलबर्न: भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों मेलबर्न में खेले गए दूसरे टी20 मैच 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में केवल 125 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 14वें ओवर में ही 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान मिशेल मार्श ने 29 गेंदों पर 46 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि ट्रेविस हेड ने 28 रन बनाए। जोश इंग्लिश (20) और मिचेल ओवल (14 नाबाद) ने टीम को जीत तक पहुंचाया। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट लिए।
भारत की ओर से केवल अभिषेक शर्मा ही लय में दिखे। उन्होंने 37 गेंदों पर 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से शानदार 68 रन बनाए, जबकि हर्षित राणा ने 35 रनों की पारी खेली। बाकी बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे।

ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज जोश हेजलवुड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सीरीज का तीसरा मुकाबला 2 नवंबर, रविवार को होबार्ट में खेला जाएगा।
